युवक से मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को खजुरी बाजार से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा करते हुए एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मृतक घटना के समय घर पर अकेले था। मौके का फायदा उठा कर आरोपितों ने पहले मारपीट किया और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी। बताया कि गठित पुलिस दल ने मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को खजूरी बाजार के पास से घेरेबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में जावेद और शाहरूख ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि प्रदीप उर्फ पुल्ली ने वर्चस्व को लेकर राम सिंह की हत्या करवाई। एसपी के मुताबिक हत्या मामले में फरार मुख्य नामजद आरोपी प्रदीप की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें की स्थानीय थाना क्षेत्र के कोठा कटाई चौर गांव निवासी 29 वर्षीय राम सिंह यादव पुत्र राम प्रताप यादव की बीते रविवार को कुछ लोगों ने मारने-पीटने के बाद गला दबा कर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के चचेरे भाई विजय ने एक नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था। पुलिस ने दोनों अज्ञात को चिन्हित कर बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। नामजद आरोपी अभी फरार चल रहा है। मृतक पक्ष के विजय सिंह यादव ने पुरानी रंजिश को लेकर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में उसने प्रदीप यादव उर्फ पुल्ली निवासी मंगारीपुर को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की छानबीन के लिए एसपी ने टीम गठित किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू किया दोनो अज्ञात के रुप में अली भेजन उर्फ जावेद पुत्र मो. फारूख व शाहरूख पुत्र शाहिम निवासी गौरी थाना अहरौला चिन्हित किए गए। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।