फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: यूपीएसआई परीक्षा पास कराने का झांसा देकर 50 हजार की ठगी, दो गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों संजय कुमार भारद्वाज और अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकद धनराशि भी बरामद की है। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मेंहनगर थाना क्षेत्र के अभिषेक यादव ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात संजय कुमार भारद्वाज से हुई थी। उसने खुद को कोचिंग संचालक बताते हुए आर्मी, पुलिस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने यूपीएसआई परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की और शुरुआती तौर पर 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद उसने एक मॉक पेपर को “टॉप सीक्रेट” बताकर दे दिया। परीक्षा में प्रश्नपत्र मेल न खाने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। इस मामले में शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।मंगलवार को पुलिस टीम ने सूचना पर पुरानी जेल बंधा रोड से आरोपी संजय कुमार भारद्वाज निवासी कुतूपुर थाना जहानागंज और अजीत कुमार निवासी कमथरी नूरपुर थाना चिरैयाकोट को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 6,900 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपियों ने बताया कि वे अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का झांसा देकर उनसे पैसे लेते थे। वादी से ली गई रकम आपस में बांट ली गई थी और बाजार से खरीदे गए मॉक पेपर को “टॉप सीक्रेट” बताकर दिया गया था। बरामद नकदी उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें