आजमगढ़। प्रमुख सचिव चिकित्सा-शिक्षा व जिले के नोडल अधिकारी आलोक कुमार द्वितीय की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें चार अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आजमगढ़ मंडल की हुई समीक्षा में दिए गए निर्देशों को लेकर चर्चा की गई। सीएम की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक हरिहरपुर घराने में संगीत महाविद्यालय की स्थापना को लेकर सीएम ने जानकार दी।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि हरिहरपुर घराने में संगीत महाविद्यालय की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री ने दो एकड़ जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया था। इसके लिए जमीन चिह्नित की जा चुकी है। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिया कि एसडीएम सदर दो एकड़ जमीन को लेकर सभी कार्य एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करा लें।
नोडल अधिकारी ने निर्माणाधीन महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ की भी समीक्षा की। सीडीओ ने बताया कि प्रथम फेज में प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन का कार्य मई 2023 तक पूर्ण किया जाना है। नोडल अधिकारी ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-5 को निर्देश दिया कि कार्य को निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि जनपद में एटीएस सेंटर बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर मुख्यालय को सूचित कर दिया गया है। साथ ही अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आईजीआरएस से संबंधित लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, पीडी केके सिंह, डीसी एनआरएलएम मिथिलेश कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश कुमार त्रिपाठी, बीएसए अतुल कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रखर सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गांवों की बनाई जा रही डायरेक्ट्री
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मेरा गांव मेरा धरोहर के अंतर्गत ग्रामों से संबंधित डायरेक्ट्री बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा में जो भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनकी जांच कराते हुए संबंधित पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। स्वामित्व योजना के अंतर्गत घरौनियों का ड्रोन सर्वे किया जा रहा है, जिसमें 3585 के सापेक्ष 3304 घरौनियों का ड्रोन सर्वे किया जा चुका है।
-----
हरिहरपुर को दो लेन से जोड़ने का प्रस्ताव शासन के भेजा गया
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि हरिहरपुर गांव को आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग से 02 लेन संपर्क मार्ग जोड़ने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। साथ ही सर्वेक्षण का कार्य हो गया है, अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। जिस पर नोडल अधिकारी ने कहा कि ग्राम वासियों से बातचीत करके ही जमीन का अधिग्रहण किया जाय।
पैरामेडिकल से जुड़े चार नये कोर्स होंगे शामिल
प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार-द्वितीय ने नर्सिंग कालेज की भी समीक्षा की। उन्होंने राजकीय मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य को पैरामेडिकल से संबंधित 4 नए कोर्स को शामिल करने एवं पदों के सृजन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय से संबद्ध विद्यालयों में 01 अक्तूबर 2022 से शैक्षणिक सत्र को चालू कराया जाय।