निजामाबाद। थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की को दो युवक बहला-फुसला कर भगा ले गए थे। बड़ी बहन के भाग जाने के सदमें में छोटी बहन ने घर में ही फांसी लगा कर आत्महत्या कर लिया था। शुक्रवार को पुलिस व एसओजी टीम ने भगाई गई लड़की को दिल्ली से बरामद कर लिया और दोनों आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए है। निजामाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी ने मंगलवार को घर में ही फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी। किशोरी की मौत के बाद यह बात सामने आयी कि उसकी बड़ी बहन एक दिन पूर्व स्कूल गई थी और वहां से लापता हो गई थी। जिसके चलते ही किशोरी ने आत्महत्या कर लिया। भाई ने थाने पर तहरीर दिया था कि दिसंबर 2021 में उसकी शादी में फोटो ग्राफी करने गंभीरपुर क्षेत्र से आए दो युवक उसकी बहन को बहला-फुसला कर भगा ले गए है। सदमें में छोटी बहन ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। युवती की बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी ने तीन टीम गठित किया था। बृहस्पतिवार को एसओजी व निजामाबाद पुलिस ने युवती को दिल्ली के पटपड़गंज थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। वहीं से एक नामजद आरोपी राशिद निवासी सिधारीगंज थाना गंभीरपुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दूसरे नामजद आरोपी सूरज सिंह निवासी रानीपुर रजमों को पुलिस ने फरिहा चौराहे से पकड़ा। शुक्रवार को पुलिस दिल्ली से बरामद युवती व आरोपी को लेकर निजामाबाद थाने पर पहुंची और युवती को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया।