जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रकाश शाही ने अधिकारियों से कहा है कि वह समस्याओं और शिकायतों का निपटरा जल्द कराने का प्रयास किया करें। इससे शिकायतकर्ता में विश्वास पैदा होगा। शाही शुक्रवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक में बोल रहे थे।प्रभारी मंत्री ने मिनी औद्योगिक आस्थान सुदनीपुर, फूलपुर में नाला व सड़क निर्माण प्रकरण की समीक्षा की। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि उक्त प्रकरण के प्रस्ताव का एस्टीमेट यूपीएसआईसी कानपुर को भेजा गया है। प्रभारी मंत्री ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि उक्त प्रकरण को जल्द से जल्द निस्तारित कराएं। उपायुक्त उद्योग एसएस रावत ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के अंतर्गत जनपद के लिए कुल 264 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिसके अंतर्गत 2791.27 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। जिसमें 12478 रोजगार सृजन होंगे। प्रभारी मंत्री ने व्यापारियों से बातचीत की। व्यापारियों की समस्याओं व सुझावों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जापान और जर्मनी को पीछे छोड़कर भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है। उधर, मेडिकल एसोसिएशन, यूनानी, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, 100 बेडेड अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं प्राचार्य मेडिकल कॉलेज के साथ भी बैठक की। कहा कि सरकारी व प्राइवेट चिकित्सक मिलकर जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को ठीक करें। आयुष्मान से जुड़े प्राइवेट अस्पताल अधिक से अधिक आयुष्मान लाभार्थियों का उपचार करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्र नारायण तिवारी ने बताया कि जनपद में कुल 24 प्राइवेट सेक्टर के चिकित्सालय आयुष्मान योजना में इंपैनल हैं। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधीक्षक ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय को भी आयुष्मान योजना में शामिल करने की मांग की। प्रभारी मंत्री ने मांग को शासन में रखने का आश्वासन दिया।