कप्तानगंज। कंधरापुर थाना क्षेत्र जयपुरिया स्कूल के सामने बुधवार की रात एक ट्रक ने चलते हुए ट्रैक्टर को पीछे से धक्का मार दिया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस घायल ट्रैक्टर चालक को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चरौआ गांव निवासी ट्रैक्टर चालक आनंद यादव (24) गैस पाइप लाइन योजना के अंतर्गत मॉल ट्राली से पहुंचाने का काम करता था। मंदुरी गांव में कार्य करने के बाद वह आजमगढ़ अड्डे पर लौट रहा था। रात करीब साढे दस बजे जैसे ही जयपुरिया स्कूल के पास पहुंचा तभी पीछे से ट्रक ने धक्का मार दिया। जिससे आनंद को सिर में गंभीर चोट लगी। पुलिस को इसकी सूचना मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक दो भाई एक बहन में सबसे बड़ा था। मृतक के पिता राजेंद्र यादव ने कंधरापुर थाना में ट्रक ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।