ससुराल पक्ष द्वारा की जा रही पैसे की मांग पूरी न होने पर पति द्वारा अपनी पत्नी को तीन तलाक देने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पीड़िता पत्नी ने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर बुधवार को बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के खानकाह गांव निवासी आगंतुका महजवी पुत्री शरीफ का निकाह मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के वलीदपुर निवासी इब्राहिम पुत्र बदरूद्दीन अब्बासी के साथ हुआ था। पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि निकाह के बाद ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उससे पैसे की मांग की जाने लगी।
जब उसने उनकी मांग नहीं मानी तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। परिवार के लोग अक्सर उसे मारते पीटते थे। जब पैसों की मांग पूरी नहीं हुई तो पति ने आठ जुलाई को उसे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद उसने बिलरियागंज थाने में पति इब्राहिम, ससुर बदरूद्दीन, सास नरसवा खातून, ननद चांदनी के साथ जेठ व जेठानी के विरुद्घ बुधवार को मुकदमा दर्ज कराया। बिलरियागंज पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।