आजमगढ़ जिले में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति द्वारा पत्नी को तीन तलाक देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता पत्नी ने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के खानकाह गांव निवासी महजवी पुत्री शरीफ का निकाह मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के वलीदपुर निवासी इब्राहिम पुत्र बदरूद्दीन अब्बासी के साथ हुआ था। पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि निकाह के बाद ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज में पैसे की मांग करने लगे। जब उसने उनकी मांग नहीं मानी तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
अक्सर मारपीट का भी आरोप लगाया। जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद उसने बिलरियागंज थाने में पति इब्राहिम, ससुर बदरूद्दीन, सास नरसवा खातून, ननद चांदनी के साथ जेठ और जेठानी के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता की तहरीर पर बिलरियागंज पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।