दुबई में हुई मौत के बाद त्रिलोकी का शव घर पहुंचने के तीसरे दिन मंगलवार को परिजनों ने केवलगढ़ के पास अंतिम संस्कार किया। परिवार के एक मात्र कमाऊ व्यक्ति के चले जाने से परिजन बिलखते रहे। पांच बेटियों एवं बेटे की जिम्मेदारी अब त्रिलोकी की पत्नी सिलमती के सिर पर आ गयी है।
फूलपुर के सरैया कला गांव निवासी त्रिलोकी की 26 जुलाई को दुबई में मौत हो गई थी। रविवार को शव फूलपुर के अंबारी बाजार पहुंचा तो परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। एसडीएम फूलपुर ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह जाम समाप्त करवाया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे और मुआवजा, मुकदमा आदि की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। सोमवार को नवागत कोतवाल गजानंद चौबे मृतक के घर पहुंचे और तहरीर लेकर एजेंट सलाउद्दीन व उसके पिता बदरे आलम के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। इसके बाद परिजनो ने मंगलवार को केवलगढ़ के पास स्थित घाट पर त्रिलोकी का अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम यात्रा में पूरा गांव शामिल हुआ। साथ ही पुलिस की भी मौजूदगी रही।