रानी की सराय। एक मार्च को थाना रानी की सराय क्षेत्र में आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह डायवर्जन सुबह चार बजे से नौ बजे तक प्रभावी रहेगा। एसपी ट्रैफिक विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वाराणसी एवं जौनपुर से एनएच-128 के माध्यम से आने वाले वाहन कोटिला मार्ग से होते हुए रानी की सराय जाएंगे। वहां से सेमरा अंडरपास होकर अपने गंतव्य को प्रस्थान करेंगे। आजमगढ़ से जौनपुर एवं वाराणसी की ओर जाने वाले वाहन सेमरा अंडरपास से होकर कस्बा रानी की सराय, फिर कोटिला मार्ग के जरिए अपने गंतव्य तक जाएंगे। भंवरनाथ की ओर से आने वाले वाहन सेमरा अंडरपास होते हुए कस्बा रानी की सराय और कोटिला मार्ग से होकर आगे बढ़ेंगे। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित समयावधि के दौरान रूट डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, यातायात पुलिस का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। यह व्यवस्था जनहित एवं प्रतिभागियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है।