आजमगढ़। राशन लेने में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने वाले शहर और गांव के लोगों लिए अब टोकन व्यवस्था लागू की गई है। कोटेदार के यहां राशन लेने के लिए उमड़ने वाले ग्राहकों की भीड़ रोकने के लिए यह पहल की गई है। साथ ही सख्त निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ता मास्क व सैनिटाइजर साथ लेकर जाएं। ताकि कोरोना संक्रमण से बचे रहें।जिले में सात लाख 93 हजार 19 राशन कार्डधारक हैं। जिसमें 687862 पात्र गृहस्थी व 105157 अंत्योदय के कार्ड है। करीब कुल 2173 उचित दर विक्रता है। जहां से लाभार्थी राशन उठाते है। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार पुष्कर ने बताया कि मई में खाद्यान्न का नियमित वितरण पांच तारीख से शुरू होगा और 14 तारीख तक संपन्न होगा। उक्त अवधि में अत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किग्रा खाद्यान्न (20 किग्रा गेहूं व 15 किग्रा चावल) व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किग्रा खाद्यान्न (03 किग्रा गेहूं व दो किग्रा चावल) वितरित किया जाएगा। दोनों प्रकार के राशन कार्डधारकों को देय गेहूं का मूल्य दो रुपये प्रति किग्रा तथा चावल का मूल्य तीन रुपये प्रति किग्रा होगा। उचित दर विक्रेता सुबह छह बजे से सायंकाल नौ बजे तक सुनिश्चित करेंगे। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक उचित दर दुकान पर आवश्यक वस्तुओं के वितरण के समय भारी भीड़ एकत्र न हो तथा सर्वर स्लो होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को अनावश्यक देर तक प्रतीक्षा करने की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही प्रत्येक दुकानों पर सेनिटाइजर, साबुन व पानी रखा जाए और हाथ धुलने के बाद ही ई-पॉस मशीन का प्रयोग किया जाए। कोटे पर टोकन सिस्टम लागू करते हुए सुनिश्चित किया जाएगा कि एक दुकान पर एक समय पांच से अधिक उपभोक्ता न रहें और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए दो उपभोक्ता के मध्य कम से कम एक मीटर की दूरी रखी जाए।