आजमगढ़। विभिन्न घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन मोबाइल चोर को देवगांव कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को श्रीकान्तपुर गेट के पास घेरेबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए शातिर चोरों के पास पुलिस ने चोरी की बाइक व कई मोबाइल जिसकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपये व असलहा व कारतूस बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों में शिव प्रसाद सरोज बरदह थाना क्षेत्र के असवनिया गांव का निवासी है। वहीं प्रदीप राजभर व रवि सरोज घाटमपुर गांव का निवासी है। देवगांव कोतवाली पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग कर रही थी। पुलिस श्रीकांत गेट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोड़हरा की तरफ से एक बाइक काफी तेज गति से आती हुई दिखाई दी। जिसे रोकने का प्रयास किया गया। बाइक सवार पुलिस को देख बाइक मुड़ाकर भागना चाहे लेकिन बारिश होने के कारण रोड पर बाइक फिसल गई और पीछे बैठा व्यक्ति असलहा निकाल कर पुलिस वालों पर फायर कर दिया। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी कर बदमाशों को पुन: असलहा लोड करने से पहले उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश शिवप्रसाद सरोज को तमंचा, कारतूस व दो मोबाइल, प्रदीप राजभर को तीन मोबाइल व रवि सरोज को एक तमंचा, कारतूस व दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उन लोगों का एक गिरोह है। वह बरदह, गंभीरपुर व देवगांव आदि स्थानों पर घूम फिर कर आने-जाने वाले सीधे-साधे राहगीरों से मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लेते या चोरी कर लेते हैं। मोबाइलों को बेंचकर मिले रुपये को आपस में बांट लेते हैं। बाइक को उन लोगों ने हरिश्चन्द्र ढाबा मई खरगपुर से 26 जून की शाम करीब 7.30 बजे चुराया था। उक्त बदमाशों ने ऐसे तमाम घटनाओं को अंजाम दिया है।