सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली से लापता हुई तीन चचेरी बहनों को पुलिस ने 12 दिन बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर महाराष्ट्र प्रांत के पालघर जिले के तुंगारेश्वर हाटा वसई बाजार से बरामद किया। सोमवार को पुलिस तीनों को लेकर जीयनपुर कोतवाली पहुंची।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली तीन नाबालिग चचेरी बहनें आठ सितंबर को घर से दवा लेने के लिए मनिकाडीह बाजार गईं थीं। इन्होंने जनसेवा केंद्र से 300 रुपये निकाले। इसके बाद तीनों लापता हो गईं। दो दिनों तक अपने स्तर से खोजबीन करने के बाद परिजनों ने जीयनपुर कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी थी।
तीन नाबालिग बच्चियों के लापता होने की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी ग्रामीण सिद्धार्थ भी जीयनपुर कोतवाली पहुंच गए। जहां सीओ सगड़ी व जीयनपुर कोतवाली पुलिस के साथ बैठक कर लड़कियों के बरामदगी की रणनीति तय की गई।
लापता हुई लड़कियों में शामिल एक लड़की के पास मोबाइल था। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने तीनों लड़कियों का लोकेशन महराष्ट्र प्रांत के पालघर जिले में ट्रेस किया। इसके बाद जीयनपुर कोतवाली पुलिस लोकेशन पर पहुंच गई। जहां से तीनों को बरामद कर पुलिस टीम सोमवार को वापस लौटी। लापता तीनों लड़कियों में दो की मां पालघर में रहती हैं। उन्हीं के पास तीनों बच्चियां गईं थीं। जरूरी पूछताछ के बाद बच्चियों के परिजनों के हवाले कर दिया गया।