आजमगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितता उजागर होने पर मार्टीनगंज, सगड़ी और सदर तहसील में कुल दो राशन की दुकानों का अनुबंध पत्र निरस्त कर दिया गया है। वहीं लापरवाही मिलने पर बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के दो उचित दर दुकानों के संचालकों द्वारा जमा किए गए प्रतिभूति राशि जब्त की गई। कार्डधारकों को राशन समय से मिल सके इसके लिए नजदीकी कोटे से संबद्घ कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक, हरैया की आख्या के अनुसार ग्राम पंचायत बनकटा के उचित दर विक्रेता बृजबिहारी द्वारा उचित दर दुकान पर कोविड-19 के प्रोटोकाल के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। जीपीएमजीकेवाई योजना का खाद्यान्न प्रति कार्ड एक से सात किग्रा. कम दिया गया है। मूल्य भी अधिक वसूल किया जा रहा है। इसी प्रकार पूर्ति निरीक्षक ठेकमा की जांच आख्या के अनुसार उचित दर विक्रेता लक्षिराम यादव ग्राम पंचायत मिर्जापुर द्वारा किए जा रहे खाद्यान्न वितरण में अनियमितताएं पाई गई हैं। उसी प्रकार विकास खंड सठियांव के अमिलो सरैया गांव के उचित दर विक्रेता शौकत जमाल द्वारा राशन वितरण में धांधली की गई है। उक्त तीनों उचित दर दुकानों का अनुबंध पत्र निरस्त करते हुए नजदीकी कोटे की दुकान से संबद्ध कर दिया गया। इसी क्रम में निरीक्षण के दौरान विकास खंड कोयलसा के ईश्वरपुर पवनी गांव के उचित दर विक्रेता गंगा प्रसाद द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। दुकान पर सूचना बोर्ड नहीं पाया गया। वहीं कार्डधारकों की सूची व टॉल फ्री नंबर लिखा नहीं पाया गया। कोटेदार द्वारा जमा किए गए प्रतिभूति राशि में से 2000 रुपये जब्त कर लिए गए। इसी प्रकार भीलमपुर छपरा गांव के उचित दर विक्रेता सरोज कुमार राय द्वारा भी लापरवाही पाई गई। दुकान पर न तो सूचना बोर्ड था और खाद्यान्नों का रखरखाव सही नहीं था। लापरवाही मिलने पर कोटेदार द्वारा जमा की गई प्रतिभूति राशि में से 3000 रुपये जब्त कर लिए गए हैं।