शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो मासूम बच्चों के साथ तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
पहली घटना सरायमीर थाना क्षेत्र के कुरिआवां गांव में हुई। गांव निवासी सरवन राजभर (13) पुत्र श्रीराम रविवार की शाम साइकिल से घर लौट रहा था। गांव के पिच मार्ग पर ही ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी फूलपुर ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वह कक्षा आठ का छात्र और चार बहनों का इकलौता भाई था। इसी क्रम में सिधारी थाना क्षेत्र के प्राइमरी स्कूल गिरधरपुर के पास रविवार की रात साढ़े सात बजे गांव निवासी श्याम सुंदर भारती (11) पुत्र रविचंद को ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर और कक्षा पांच का छात्र था। तीसरी घटना देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कोटा गांव के पास हुई। पैदल सड़क पार कर रहे सुबास राजभर (51) को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी लालगंज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अन्यत्र अस्पताल पर ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक राजगीर का काम करते थे और तीन पुत्र व एक पुत्री के पिता थे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।