आजमगढ़। शहर कोतवाली के लछिरामपुर गांधी नगर निवासी एक व्यक्ति के बंद घर का ताला तोड़कर चोर लाखाें रुपये के गहने और नकदी समेट ले गए। वारदात के समय परिवार के लोग वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। लछिरामपुर गांधी नगर निवासी कंत किशोर दुबे घर बनवाकर रहते हैं। बीते सात दिसंबर को पूरा परिवार रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने गया था। घर पर ताला बंद था। इस बीच चोर बाउंड्रीवाल को फांद कर अंदर घुसे और मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर चले गए। इसके बाद चोरों ने घर के कमरों में तालों को तोड़ डाला और आलमारी व बक्सा तोड़ कर नगदी और सामान ले गए। नौ दिसंबर को कंत किशोर की पत्नी चंद्रकला बच्चों के साथ घर लौटीं तो वारदात की जानकारी हुए। पीड़ित के अनुसार चोर साढ़े तीन लाख रुपये नकद के साथ करीब 10 लाख के जेवरात व अन्य कीमती सामान ले गए है। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।