बिलरियागंज के सियरहां गांव में चोरी के बाद बिखरे सामान। संवाद
बिलरियागंज। श्रीनगर (सियरहां) गांव में मंगलवार की रात में चोरों ने विजय राय के मकान को निशाना बनाया। चोरों ने 16 लाख रुपये के जेवर और 1.25 लाख रुपये पार कर दिए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। बुधवार की सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि गांव निवासी विजय राय के परिवार के सदस्य रात में भोजन करने के बाद सो गए थे। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। तीन कमरों में रखे बक्सों की कुंडी उखाड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 1.25 लाख रुपये नकदी लेकर भाग गए। बुधवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे विजय राय की नींद खुली तो घर के दरवाजे खुले थे, सामान बिखरा था। डायल-112 पुलिस टीम को सूचना दी गई। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान चोरी गए जेवरों के खाली डिब्बे और बैग गांव के खेत में मिले। इसी रात में गांव के राजेश राय के घर भी चोरों ने धावा बोला। गृहस्वामी के जागने पर बदमाश भाग गए। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।