आजमगढ़। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। सोमवार की रात 12 बजे श्रीकृष्ण का जन्म होते ही सभी मंदिर घंटा घड़ियाल से गूंजने लगे। हर तरफ महिलाओं ने सोहर गीत गाए और श्रीकृष्ण के जन्म की बधाई दी।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही। मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया था। विभिन्न मंदिरों में जहां भजन कीर्तन होते रहे वहीं, कई स्थानोें पर राधा कृष्ण की मूर्ति स्थापित की गई थी। श्रद्धालुओं ने विभिन्न प्रकार की झांकियों का आनंद लिया। जगह-जगह आकर्षक झांकी निकाली गई। बच्चे राधा और कृष्ण के पोशाक में नजर आए। मंदिरों में ढोलक, झाल, मजीरा के साथ भक्तों ने भक्ति गीत गाया। इसके अलावा कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। लोग भक्ति गीतों पर झूमते रहे। रात 12 बजे श्रीकृष्ण का जन्म होते ही घंटा घड़ियाल से सभी मंदिर गूंजने लगे। श्रीकृष्ण जन्म के साथ बधाई गीत नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, जय श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजने लगे।