सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली के लुचुई गांव में शुक्रवार को भोर में युवती ने दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। परिजनों को भोर में इसकी जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लुचुई गांव की रहने वाली किरन विश्वकर्मा (21) का गांव के ही एक युवक से काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच आए दिन मोबाइल से बात होती रहती थी। जिसको लेकर युवती के घर के लोगों ने प्रेमी युवक की कुछ दिन पूर्व पिटाई की थी। जिससे युवती काफी दुखी चल रही थी। शुक्रवार की रात में वह अपनी मां के साथ टिनसेड के कमरे में सोई थी। भोर में किरन ने टिनसेड में लगी बल्ली के सहारे दुपट्टे से लटककर आत्महत्या कर लिया।
शनिवार की भोर में जब मां की नींद टूटी तो किरन को फंदे से लटकता देख चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जीयनपुर प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय ने बताया कि युवती के घर के लोगों ने युवक की पिटाई की थी। शुक्रवार को भोर में दुपट्टे के फंदे से लटककर युवती आत्महत्या कर लिया।