बरदह थाना क्षेत्र में सोमवार को दिन में लड़की से मिलने आए युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना अंतर्गत कयार गांव निवासी मो. शकील (20) सोमवार को दिन में किसी लड़की से मिलने के लिए बरदह थाना क्षेत्र के बरौना गांव में आया था। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। इस पर ग्रामीणों ने उसे घेर कर पकड़ लिया और जम कर पिटाई करने के बाद पुलिस को बुला कर उनके हवाले कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार शकील गांव की किसी लड़की से मिलने के लिए आया था। पुलिस ने ग्रामीणों की पिटाई से घायल युवक को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।