आजमगढ़। नगर निकायों का चुनाव नवंबर माह में होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पूर्व नवगठित नगर पंचायतों के वार्ड गठन और पुराने नगर पंचायतों के विस्तार के बाद वार्डों के गठन का कार्य चल रहा था जो पूरा हो गया है। डीएम की ओर से नगरीय निकाय निदेशालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है। नगर निकाय चुनाव से पहले वार्डों के परिसीमन का कार्य पूरा कर लिया गया है। जनपद में अजमतगढ़ नगर पंचायत का विस्तार किया गया था। जबकि बूढ़नपुर और जहानागंज को नई नगर पंचायत का दर्जा मिला था। हालांकि बूढ़नपुर और जहानागंज में नगर पंचायत द्वारा ही सारे कार्यों को देखा जा रहा था लेकिन अभी तक इनमें वार्डों का गठन नहीं हो सका था। लेकिन अब तीनों ही नगर पंचायतों के वार्डों के गठन का कार्य पूरा कर लिया गया है। अजमतगढ़ नगर पंचायत में 11 पहले से थे लेकिन नए गांवों के शामिल होने के बाद भी वार्डों की संख्या 11 ही रही। वहीं जहानागंज नगर पंचायत में कुल 16 वार्ड बनाए गए हैं। जबकि बूढ़नपुर नगर पंचायत में कुल 15 वार्ड बनाए गए हैं। अजमतगढ़ नगर पंचायत का विस्तार होने के बाद इसकी कुल जनसंख्या 15136 हो गई है। जबकि जहानागंज की 25737 और बूढ़नपुर की कुल जनसंख्या 20136 है। वार्डों के गठन के बाद डीएम विशाल भारद्वाज द्वारा निदेशक नगरीय निकाय निदेशालय लखनऊ को इसका प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है। अब निदेशालय की मुहर लगते ही सभी वार्ड अस्तित्व में आ जाएंगे।