अंबारी। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल फूलपुर मार्ग पर लोनियाडीह पुल के समीप मंगलवार की शाम दुकान बंद कर मौसी के घर जा रहे व्यापारी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद उसकी मोबाइल लेकर चले गए। बेहोशी की हालत में राहगीरों ने व्यापारी को लोनियाडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने पर व्यापारी ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पवई थाना क्षेत्र के मझौरा गांव निवासी बालकृष्ण यादव माहुल बाजार के शिवा जी मुख्य चौक पर रेडिमेड कपड़े की दुकान चलाता है। रोज की तरह वह शाम साढ़े सात बजे दुकान बंद कर अपनी बाइक से फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के दशमढा गांव जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक लोनियाडीह पुल के समीप पहुंची, पीछे से तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक दिया और लोहे की रॉड और ईंट से हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। उसके बाद बदमाश उसकी मोबाइल लेकर चले गए। बुधवार को व्यापारी ने तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस जांच-पड़ताल में लग गई।