देवारांचल में घाघरा नदी का जलस्तर 24 घंटे में बदरहुंआ पर पांच सेमी और डिघिया नाले पर चार सेमी बढ़ गया। इससे ग्रामीणों को फिर बाढ़ की चिंता सताने लगी है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि अभी बाढ़ का खतरा नहीं है। उधर जलस्तर बढ़ने से घाघरा नदी के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भरने लगा है।
बीते पांच दिनों से लगातार घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बाद एक बार फिर बढ़ना शुरू हो गया है। नदी के बढ़ने-घटने के कारण कटान तेज हो गई है। जिससे किसान चिंतित हैं। किसानों की खेती योग्य जमीन कटती जा रही है। ऊपर से पानी डिस्चार्ज होने से ग्राम पंचायत उर्दिहा, सहबदिया में कटान तेज हो गई है किसानों में बाढ़ की आहट हो रही है।
बदरहुंआ नाले पर घाघरा का जलस्तर मंगलवार की शाम चार बजे 70.58 मीटर दर्ज किया गया था जो बुधवार को पांच सेंटीमीटर बढ़कर 70.63 मीटर पर पहुंच गया। बदरहुंआ नाले का न्यूनतम जलस्तर 70.26 मीटर, खतरा बिंदु 71.68 मीटर और अधिकतम जलस्तर 73.52 मीटर है। डिघिया नाला का जलस्तर मंगलवार की शाम 69.89 मीटर था जो बुधवार को चार सेमी बढ़कर 69.93 मीटर हो गया। यहां पर न्यूनतम जलस्तर 68.90 मीटर, खतरा बिंदु 70.40 और अधिकतम जलस्तर 72.59 मीटर है।
प्रतिदिन नदी में 194504 क्यूसेक डिस्चार्ज हो रहा है। जिसमें गिरजा वैराज से 125721,शारदा बैराज से 68147 व सरयू बैराज से 636 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है।