सगड़ी क्षेत्र के नत्थूपुर गांव निवासी कारगिल शहीद रामसमुझ यादव के आंगन और खलिहान की मिट्टी लखनऊ स्थित अमर जवान शहीद स्मारक में स्थापित की जाएगी। अमर शहीद के आंगन और खलिहान की मिट्टी लेने के लिए मंगलवार को नत्थूपुर गांव पहुंचे अखिल भारतीय पूर्व सेवा सैनिक परिषद के जिला अध्यक्ष ऋषिकेश शुक्ला, पूर्व सूबेदार मंगल प्रसाद गुप्ता, जूनियर वारंट आफिसर सुरेंद्र राय, प्रभुनाथ सिंह, मंगल प्रसाद सिंह ने बताया कि कारगिल शहीद रामसमुझ यादव के घर के आंगन और खलियान की मिट्टी लेने के लिए हम लोग आए हैं। जिस आंगन और खलिहान में कारगिल शहीद की किलकारियां गूंजी, पालन-पोषण हुआ, खेल कूद कर पढ़े-लिखे और बड़े हुए। वहां की पवित्र मिट्टी लेकर लखनऊ जाएंगे। कारगिल शहीद के पिता राजनाथ यादव, माता प्रतापी देवी ने मिट्टी को पवित्र पात्र के अंदर पैक कर हम सैनिकों को सम्मान सहित सौंपा। उनके माता- पिता का माल्यार्पण कर सैल्यूट किया गया। इसके बाद शहीद पार्क में पहुंकर कारगिल शहीद रामसमुझ यादव की प्रतिमा पर श्रद्घांजलि देते हुए उन्हें नमन किया। मिट्टी को कर्नल रामाश्रय मिश्रा महासचिव गोरक्ष पूर्व सैनिक अखिल भारतीय सेवा परिषद को सुपुर्द किया गया। जो पूर्वांचल के 11 जिलों के कारगिल शहीदों के घरों और खलिहान की मिट्टी इकट्ठा करेंगे। इसके बाद लखनऊ स्थित अमर जवान शहीद स्मारक में 26 जुलाई 2022 को स्थापित किया जाएगा। जिसमें प्रदेश की सभी जिलों के कारगिल शहीदों के माता- पिता को भी बुलाया जाएगा।