रानी की सराय। थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की जेब से ट्रेन में पहले पर्स उच्चकों ने उड़ाया, फिर पर्स में रखे एटीएम कार्ड की मदद से उसके खाते से 1.42 लाख रुपये उड़ा दिया। घर पहुंचने पर पीड़ित को इसकी जानकारी हुई। जिस पर पीड़ित ने जीआरपी थाना शाहगंज में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया है। रानी की सराय थाना क्षेत्र के मलिक हुसैनपुर गांव निवासी चंद्रकांत यादव पुत्र दयाराम यादव रोजीरोटी के लिए गुजरात प्रांत के अहमदाबाद शहर में रहता है। वहां वह मजदूरी करता है। दो अप्रैल को वह साबरमती एक्सप्रेस से घर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में किसी ने उसकी मोबाइल, पर्स उड़ा दिया। पर्स में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस व एटीएम कार्ड के अलावा पांच हजार रुपये नकद था। इस बात की जानकारी पीड़ित को रास्ते में ही हो गई। सोमवार को वह शाहगंज रेलवे स्टेशन पर उतरा और रानी की सराय कस्बा पहुंचने पर एसबीआई की शाखा पर गया। जहां उसने अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो उसे देख कर उसके होश ही उड़ गए। एटीएम गायब होने के बाद से उसके खाते से कुल 1.42 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। पीड़ित ने इस बाबत जीआरपी थाना शाहगंज पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया है।