आजमगढ़। जिला महिला अस्पताल में सोमवार को नियमित टीकाकरण अभियान के तहत 52 गर्भवती महिलाओं और बच्चों को टीके लगाए गए। इस अभियान में 32 बच्चों और 20 गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. विनय सिंह यादव ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मातृ व शिशु स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है। टीकाकरण नियमित आयोजित किया जाता है ताकि जिले में कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। टीकाकरण से बच्चों में कई गंभीर बीमारियों जैसे खसरा, पोलियो और डिप्थीरिया से बचाव संभव है, वहीं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण मां और बच्चे दोनों के लिए सुरक्षित प्रसव और स्वस्थ जीवन सुनिश्चित करता है। यह अभियान जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत शिशुओं और गर्भवती महिलाओं को मुफ्त टीके उपलब्ध कराए जाते हैं। संवाद