लालगंज। देवगांव कोतवाली पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए तहसील क्षेत्र के प्रधानों ने मंगलवार को तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के बाद एसपी को संबोधित पत्रक एसडीएम को सौंपा।
आक्रोशित प्रधानों का आरोप था कि आठ अक्तूबर को ग्राम पंचायत फखरूद्दीनपुर के प्रधान प्रतिनिधि कल्पनाथ राव के साथ देवगांव कोतवाली प्रभारी गजानंद चौबे व सिपाही शिवम तिवारी तथा धरणीधर शुक्ला ने दुर्व्यवहार किया था। जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया था। यही नहीं जबरन उन्हें हवालात में भी बंद कर दिया गया और फिर 151 में चालान कर दिया गया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के साथ पुलिसिया दुर्व्यवहार से क्षेत्र के प्रधान आक्रोशित हैं और एसओ व सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। प्रधानों ने तहसील में जमकर नारेबाजी किया और फिर पुलिस अधीक्षक को संबोधित पत्रक एसडीएम लालगंज को सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश यादव, आनंद कुमार यादव, ओम प्रकाश्या, मंसूर अहमद, रविंद्र राय, गुलाब राजभर, संतोष, राजकुमार, राजेश, संजय, रामलखन आदि प्रधान शामिल रहे।