आजमगढ़। नवागत जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट भवन में स्थित विभिन्न अधिकारी कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर की साफ सफाई और रिकार्डों को दुरूस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप संचालक चकबंदी, औषधि प्रशासन एवं संग्रह, एसएलओ, जिला सूचना कार्यालय का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय के पटल पर जाकर जानकारी हासिल किया तथा उन्हें निर्देश दिया कि कार्य को सुचारू तरीके से संचालित किया जाए। कार्यालय में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए तथा फाइलों व रिकार्डों का रख-रखाव व्यवस्थित ढ़ंग से किया जाए। सूचना कार्यालय में निरीक्षण के दौरान निर्देश दिया कि पत्रिकाओं एवं अखबारों व समाचार पत्रों को सुव्यवस्थित किया जाए। अनावश्यक सामानों को हटाकर कार्यालय को साफ-सुथरा रखना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, आबकारी कार्यालय तथा एनआईसी का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।