अहरौला थाना क्षेत्र के शाहपुर से सारैन जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक पर पीछे से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उधर से गुजर रहे लोगों ने युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर है। करनपुर गांव निवासी गौरव चौबे (19) पुत्र इंद्रदेव चौबे अहरौला बाजार में एक कपड़े की दुकान पर काम करता है। शुक्रवार की देर रात लगभग पौने नौ बजे दुकान बंद होने पर वह साइकिल से अपने घर जा रहा था। अभी वह शाहपुर से सारैन जाने वाले मार्ग पर पहुंचा ही था कि एक बाइक सवार तीन लोग उसका पीछा करते हुए आए और सर पर पीछे से हमला कर दिया। उधर से गुजर रहे लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।