बेसिक शिक्षा विभाग ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत सरप्लस शिक्षकों की सूची सार्वजनिक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूची को विकास खंडवार तैयार कर एनआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार पाठक ने बताया कि यह कार्रवाई शासन के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। यह मामला बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण एवं समायोजन से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि सूची ऑनलाइन प्रकाशित होने के बाद जिन शिक्षकों का स्थानांतरण या समायोजन प्रस्तावित होगा, वे सात दिन के भीतर अपनी आपत्ति ऑफलाइन माध्यम से जिला समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। बीएसए ने निर्देश दिया कि विकास खंडवार तैयार सूची को शीघ्र एनआईसी की वेबसाइट पर अपलोड किया जाए, ताकि संबंधित शिक्षक समय रहते अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें।