आजमगढ़। लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद पहली बार जनपद पहुंचे सांसद धर्मेंद्र यादव का क्षेत्रों का भ्रमण जारी है। इस दाैरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए का संदेश देकर भारतीय जनता पार्टी की बहुमत की सरकार बनने से रोक दिया। इससे भारतीय जनता पार्टी के संविधान बदलने की मंशा पर पानी फिर गया। भाजपा की सरकार छात्र, नौजवान, किसान, विरोधी कार्य कर रही है। देश का छात्र, नौजवान, बेरोजगार दर-दर की ठोकरें खा रहा है। रोजगार की व्यवस्था नहीं है।
बृहस्पतिवार को उन्होंने मुबारकपुर विधानसभा के चंडेश्वर, समेंदा, परदेशी मोड़, जहानागंज, रविदास मंदिर, बड़हलगंज, दौलताबाद, कादीपुर, महुआ मोड़, सठियांव, खुझिया बाजार आदि जगहों का भ्रमण किया। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान बड़हलगंज में जनता को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जनता ने हमें सदन में भेजा है। मैं हमेशा सामाजिक न्याय के लिए, शोषित, पीड़ित, वंचितों की आवाज सदन में उठाऊंगा। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करूंगा। छात्र, नौजवान, किसान, बेरोजगार, असहायों को अधिकार दिलाने के लिए उनकी आवाज बनूंगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक अखिलेश यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, रामप्रताप यादव अध्यक्ष चिरैयाकोट, संदीप यादव गुड्डू ब्लाक प्रमुख, अब्दुल्ला अलाउद्दीन, गौरव यादव, वामिक अहमद आदि उपस्थित थे।