आजमगढ़। रिलीफ इंडिया क्लब की ओर से रविवार की शाम राहुल प्रेक्षागृह में एक शाम अमर बलिदानियों के नाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, पूर्व अध्यक्ष पीपी राय व सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेना से सेवानिवृत्त वीरों व देश की लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों के परिजनों को सम्मानित करना था।
इसमें शहर के डांस ग्रुपों ने अपनी कला के माध्यम से लोगों में देश प्रेम का उत्साह भरा। गीतों से पूरा माहौल देशभक्ति के रूप में परिवर्तित हो गया था। इसके बाद बीर सपूत वीर चक्र विजेता सौदागर सिंह के पुत्रवधु अंजना सिंह को सम्मानित किया गया। इनके पति 19 सालों से देश सेवा में लगे हुए हैं। इसके अलावा लेफ्टिनेंट जनरल दुष्यंत सिंह, सूबेदार जगदीश प्रसाद, हवलदार शैलेंद्र कुमार, नायब सूबेदार राधेश्याम, सुबेदार मंगला प्रसाद गुप्ता, मनबोध सिंह आदि को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अरुंधती, गौरव रघुवंंशी, राजेंद्र अग्रवाल, सीताराम पांडेय, विजय लक्ष्मी मिश्रा,डा मनीष त्रिपाठी, सीके त्यागी आदि मौजूद रहे।