मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के बूंदा गांव से होकर जाने वाली शारदा सहायक खंड 32 नहर पर वर्षों से जीर्ण शीर्ण नहर पुल के कायाकल्प होने से क्षेत्र के लोगों में हर्ष था। इस पुल के बन जाने से आदममऊ, मुंहचुरा, बूंदा, मीर अहमदपुर, तिलक मतलूबपुर, हैदराबाद, बखरा, सलाहुद्दीनपुर, पुष्प नगर आदि गांवों के लोगों को पुल बनने से कम दूरी तय कर यात्रा करने की आस जगी। लेकिन पुल के एक छोर पर बीच में विद्युत पोल से आवागमन में बाधा हो रही है। विभागीय अधिकारियों से कई बार विद्युत पोल को हटाने के लिए बात की गई लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। इसको लेकर ग्रामीणों ने खंभे के पास खड़े होकर बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया और अतिशीघ्र विद्युत पोल हटाने की मांग किया। इस मौके पर डा. रणविजय सिंह, हुबराज मौर्य, रामसमुझ शर्मा, बांकेलाल यादव, अशोक व विजय यादव आदि मौजूद थे।