पुलिस मुठभेड़ में घायल वृद्ध की हत्या का आरोपी। श्रोत- पुलिस
आजमगढ़। शेखपुरा गांव में हुई 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल मुख्य आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पंद्रह साल पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि कर्मराज चौहान ने कोतवाली थाने में सूचना दी थी कि उनके पिता भुआल चौहान की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई है। भुआल चौहान रात में घर के बाहर पशुशाला के पास सो रहे थे। इस सूचना पर थाना कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अवैध असलहे के साथ एक्सप्रेस-वे की ओर जा रहा है। पुलिस ने बंशी बाजार-उकरौड़ा मार्ग पर घेराबंदी की। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया लेकिन उसकी बाइक फिसल गई। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया।