आजमगढ़। लॉक डाऊन के दौरान आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा घर के पास ही मुहैया हो इसकी कवायद में स्वास्थ्य महकमा जुटा हुआ है। पांच मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन शहर में लगा दी गई है। हर वैन में डॉक्टर, फार्मासिस्ट के साथ ही दवाओं की पूरी खेप मौजूद होगी। जो पूरे शहर में जगह-जगह खड़ी होकर आम जनता को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायेंगे। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि लॉक डाऊन के दौरान मरीज अस्पतालों तक नहीं पहुंच पा रहे है। स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त करने के लिए उन्हें दिक्कत हो रही है। जिसे देखते हुए विभाग ने अपने पांच मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन को सक्रिय कर दिया है। इन वैनों के माध्यम से आम जनता को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। प्रत्येक वैन में डॉक्टर, फार्मासिस्ट केसाथ कुल पांच कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसका नोडाल डॉ.एके सिंह को बनाया गया है। शहर के महत्वपूर्ण एवं ज्यादा सघन आबादी वाले क्षेत्रों में उक्त एमएमयू वैन की सेवाओं को लगाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही साथ एक वैन जैगहा स्थित फार्मेसी कालेज पर भी लगाया गया है। यहां बाहर सेआये लोगों को क्वारंटीन करने की व्यवस्था है। चार एमएमयू वैन प्रतिदिन चार-चार घंटे रोडवेज, रेलवे स्टेशन, सिधारी , चौक , सब्जीमंडी ,स्टेडियम, रैदोपुर पर अपनी सेवाएँ देंगी । सीएमओ ने बताया कि यह वैन और उसमें मौजूद टीम संपूर्ण चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ-साथ दवाओं का वितरण एवं समस्त जाँचें भी बिल्कुल नि:शुल्क करेगी। सीएमओ ने आम जनता से अपील किया कि इन वैन के पास पहुंच कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें और किसी भी प्रकार का भीड़ न लगाये।