आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने बुधवार को पुलिसकर्मियों पर फायर कर भाग रहे एक इनामिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पुलिस ने चोरी की बाइक, तमंचा-कारतूस भी बरामद किया है। उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फूलपुर कोतवाली व स्वाट टीम प्रथम बुधवार को पलिया चौराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार का इनामिया व फूलपुर कोतवाली के मुड़ियार गांव निवासी फरहान माहुल की तरफ से चोरी की बाइक से आ रहा है।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने अंबारी चौराहे पर पहुंच कर घेराबंदी की। कुछ देर में एक बाइक सवार आता हुआ दिखायी दिया। उसे रुकने का इशारा किया गया तो वह बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इस प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। भागने के प्रयास में उसने पुलिस पर फायर कर दिया। लेकिन घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा कारतूस बरामद हुआ। बरामद की गई बाइक भी चोरी की निकली। पकड़ा गया बदमाश 25 हजार का इनामिया है और उस पर गैंगस्टर भी लगा हुआ है। पकड़े गए बदमाश पर विभिन्न थानों पर 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।