मेंहनगर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी एक युवक पर उसके साढू ने प्राणघातक हमला कर दिया था। घायल युवक की तहरीर पर मेंहनगर थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। नामजद आरोपी को पुलिस ने गुरुवार की सुबह मानपुर गांव स्थित एक ट्यूबवेल के पास से बाइक व बांका के साथ गिरफ्तार कर लिया। मानपुर गांव निवासी मृत्युंजय उर्फ विक्की पुत्र कृष्ण गोपाल सिंह मंगलवार की शाम ही मुम्बई से वापस लौटा था। वह अपने घर के ऊपरी तल पर स्थित कमरे में सो रहा था। देर रात मृत्युंजय का चचेरा साढू अरूण सिंह पुत्र बब्बन सिंह निवासी सेमराज थाना हलधरपुर जिला मऊ गांव में पहुंचा। घर से पांच सौ मीटर दूरी पर ही बाइक खड़ी कर वह पैदल ही मृत्युंजय के घर पहुंचा और ऊपरी तल पर सो रहे मृत्युंजय पर बांका से ताबड़तोड़ हमला कर घायल कर दिया। गर्दन, चेहरा आदि पर कई गंभीर चोट आयी है। घटना के बाबत घायल मृत्युंजय ने मेंहनगर थाने में अपने चचेरे साढू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को मानपुर गांव निवासी अंकित सिंह पुत्र रामसमुझ सिंह के ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने बाइक व बांका बरामद किया है।