दिव्यांग कार्ड बनाने वाले कार्यालय पर चस्पा दलाल की फोटो और संदेश। संवाद
आजमगढ़। ‘10 हजार में बन रहे दिव्यांग प्रमाण पत्र...फंसेंगे तो कह देंगे इलाज से ठीक हो गया'' शीर्षक से अमर उजाला में 12 जुलाई के अंक में पेज एक पर खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले कार्यालय की दीवारों पर दलाल और लोगों को सावधान करने का पोस्टर चस्पा किया गया है। जिला अस्पताल में सोमवार और बृहस्पतिवार को दिव्यांगों का प्रमाण पत्र बनाया जाता है। वर्तमान में डीएम के निर्देश पर प्रमाण पत्र बनाने का काम चार दिन हो रहा है। दिव्यांग प्रमाण पत्र को बनवाने में दलाल सक्रिय हैं। रुपये लेकर लोगों को फर्जी प्रमाण पत्र जारी कर रहे हैं। इसमें विभाग के कर्मचारी भी शामिल हैं। सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले केंद्र का निरीक्षण किया। कहा कि विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत के उन्हें कोई सबूत नहीं मिले। एक व्यक्ति के बराबर वहां घूमने की शिकायत मिली थी। उसकी फोटो हमने वहां चस्पा करा दिया है। आगे भी इसकी निगरानी की जाएगी। यदि कोई दलाल ऐसा करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।