आजमगढ़। शहर के दर्जन भर चौराहे-तिराहे की सुंदरता को बढ़ाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन देखरेख के अभाव में सब व्यर्थ हो गया। सभी चौराहे-तिराहे चाहे वह नपा की जिम्मेदारी में आते हों अथवा निजी संस्थाओं के, एक-दो को छोड़कर बदहाल पड़े हैं। इनमें लगे फव्वारे और लाइट भी बंद हैं। वजह साफ है, संस्थाएं सुंदरीकरण का कार्य कराने के बाद देखरेख करना भूल गईं। चौराहों-तिराहों के सुंदरीकरण का कार्य वर्ष 2015 और 2017 के बीच में हुआ था। बताया जाता है कि दो चौराहों के फव्वारे और लाइट सहित अन्य देखरेख नपा के पास तो अन्य की निजी संस्थाओं के जिम्मे है।
सपा सरकार के कार्यकाल में जिले में बतौर जिलाधिकारी सुहास एलवाई की तैनाती हुई थी। उनके कार्यकाल के दौरान बड़े शहरों की तर्ज पर यहां भी शहर को चमकाने का प्रयास शुरू हुआ था। इसके तहत सभी चौराहों-तिराहों का चौड़ीकरण और फव्वारा सहित आकर्षक लाइटें भी लगाई गई थीं। वर्ष 2015 से 2017 के बीच दर्जन भर चौराहों-तिराहों का जीर्णोद्धार कराया गया। इसमें शहर के दो प्रमुख चौराहों नरौली व अग्रसेन चौराहे को आकर्षक पार्क बना कर सजाने-संवारने का काम नगर पालिका प्रशासन ने किया था। यहां आकर्षक लाइटिंग के साथ ही फव्वारे भी लगवाए गए थे। वर्तमान में दोनों ही चौराहों पर लगे फव्वारे व लाइट बंद है।
भंवरनाथ चौराहा, करतालपुर तिराहा, बवाली मोड़ चौराहा, पहाड़पुर तिराहा, बलरामपुर चौराहा, जुनेदगंज चौराहा, चर्च चौराहा, पहलवान तिराहा, मूसेपुर तिराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा, सिधारी हाइडिल चौराहा, हर्रा की चुंगी तिराहा का भी सुंदरीकरण तत्कालीन जिलाधिकारी सुहास एलवाई के प्रयास से हुआ था। इन सभी को निजी संस्थाओं ने बनवाया था, जिसमें कई में फव्वारे भी लगाए गए थे। इनमें सिर्फ रेलवे स्टेशन व मूसेपुर तिराहे पर स्थापित फव्वारे कभी-कभार चलते है। बाकी बंद हैं। इस बारे में नपा प्रशासन निजी संस्थाओं की जिम्मेदारी बता कर मूकदर्शक बना हुआ है।
तिरंगा चौराहा दिया गया नाम, तिरंगा ही रहता है, गायब
आजमगढ़। शहर के नरौली तिराहे का सुंदरीकरण के बाद इसे तिरंगा चौराहा नाम दिया गया, लेकिन इस चौराहे से अक्सर ही तिरंगा गायब रहता है। फव्वारा व लाइटिंग पूरी तरह से बंद है। नपा ने इस चौराहे-तिराहे का जीर्णोद्धार कराया था। इसके अलावा नपा द्वारा अग्रसेन तिराहे का भी सुंदरीकरण करा कर फव्वारा लगाया गया है, लेकिन यह फव्वारा लगने के बाद से ही बंद है।
सिर्फ दो चौराहे-तिराहे ही नपा की देखरेख में हैं। बाकी चौराहों-तिराहों का सुंदरीकरण कराने वाले संस्थान ही देख रेख करते हैं। उनके फव्वारे व लाइट़िंग क्यों नही चल रहे, यह वहीं बता सकते हैं। जहां तक नपा के फव्वारों की बात है, तो नोजल आदि चोरी हो जाने व बजट के अभाव के चलते बंद पड़े है। इन्हें जल्द चालू करा दिया जाएगा। - मनोज कुमार, ईओ, नगर पालिका परिषद, आजमगढ़।