आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी मौर्य दंपत्ति हत्याकांड का छह माह बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। जिसे लेकर मृत दंपत्ति के बच्चे जिला मुख्यालय पर काफी दिनों से धरने पर बैठे है। सोमवार को बच्चों के नेतृत्व में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी से मिलकर मृत दंपत्ति के बच्चों ने न्याय की गुहार भी लगाया।
अहरौला के पारा गांव निवासी इंद्रपाल मौर्या व उनकी पत्नी शकुंतला मौर्या 14 जून को दवा लेने के लिए शाहगंज गए थे। इसके बाद से ही दोनों लापता हो गए। परिजनों ने अहरौला थाने पर तीन के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। इसके बाद भी उनकी बरामदगी नहीं हो सकी। 16 जून को दंपत्ति का शव फूलपुर कोतवाली के अंबारी बाजार स्थित एक स्कूल के सामने सड़क किनारे खाई में पड़ा मिला। घटना के बाद डिप्टी सीएम केशव मौर्या भी मृत दंपत्ति के घर पहुंचे थे और जल्द खुलासा व पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया था। छह माह बाद भी पुलिस घटना का पूर्ण खुलासा नहीं कर सकी है। मात्र दो लोगों को साजिशकर्ता के रुप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बीते 71 दिनों से मृत दंपत्ति के पुत्र शिवांस, पुत्री प्रिया व खुशी परिवार के अन्य लोगों व ग्रामीणों के साथ मेहता पार्क में धरने पर बैठे हुए हैं। सोमवार को हत्याकांड के खुलासे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर हत्याकांड के जल्द खुलासे के साथ ही किए गए वादे को पूरा करने की मांग की गई।