कप्तानगंज। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रौसर गांव के समीप पीपल के पेड़ के पीछे झाड़ियों में पूर्व प्रधान का शव मिला। पुलिस ने इसे लावारिस मानकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि परिजनों ने पूर्व प्रधान के गायब होने की सूचना थाने पर दी थी। इसकी जानकारी होने पर परिजनों व ग्रामीणों ने आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए लाठियां भी भांजीं। सूचना पर कप्तानगंज, कंधरापुर, तहबरपुर थाने की पुलिस, सीओ बूढ़नपुर, सीओ सगड़ी व एसपी आरए चिराग जैन पहुंचे और समझाकर जाम समाप्त कराया। इस बीच करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कस्बे में महराजगंज रोड स्थित पुरानी बाजार निवासी पूर्व प्रधान त्रिवेणी शुक्ला उर्फ गुड्डू शुक्ला (55) रविवार की शाम घर से निकले थे। देर रात घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने सूचना थाने पर दी। इसके बाद सोमवार की सुबह फौज की तैयारी कर रहे युवकों ने रौसर गांव के एक किमी पूरब कंधरापुर व कप्तानगंज थाने की सीमा पर लगे पीपल के पेड़ के पीछे झाड़ियों में एक अधेड़ का शव देखा। पुलिस शव को थाने ले आई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन थाने पहुंचे तो पता चला कि त्रिवेणी शुक्ला का ही शव पुलिस ने लावारिस के रूप में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इससे नाराज परिजनों ने मांग की कि शव उन्हें सुपुर्द कर दिया जाए। इसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाए। जबकि पुलिस का कहना था कि पीएम के लिए भेज देने के बाद शव बिना पीएम के नहीं आती। इस पर ग्रामीणों ने पहले कप्तानगंज चौक पर फिर हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर कप्तानगंज, कंधरापुर व तहबरपुर थाने की पुलिस सहित सीओ बूढ़नपुर, सीओ सगड़ी व एसपीआरए चिराग जैन पहुंचे। ग्रामीणों को किसी तरह समझाबुझा कर जाम समाप्त कराया।
00
पुलिस ने शव के शिनाख्त का प्रयास किया था। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने त्रिवेणी के गायब होने की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद भी शव बिना दिखाए पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जो दोषी मिलेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। - चिराग जैन, एसपी आरए।