महाराजगंज। थाना क्षेत्र के देवारा जजीद गांव में शुक्रवार की रात एक युवती ने आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक मृतका नीलम (20) पुत्री राजेंद्र यादव देर रात घर के पास स्थित आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटक गई। शनिवार भोर में पिता जब टॉर्च लेकर इधर-उधर देख रहे थे तो पेड़ पर लटकता शव दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत परिजनों को बुलाया और प्रधान को सूचना दी। प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामकेदार मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।