महराजगंज। थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के पास स्थित बगीचे में आम के पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। भगवानपुर गांव निवासी संजय मौर्य (30) का शव शनिवार सुबह करीब पांच बजे घर से लगभग 100 मीटर उत्तर स्थित बगीचे में आम के पेड़ से लटका मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन युवक का शव देखकर बदहवास हो गए। मृतक के छोटे भाई संदीप मौर्य ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संदीप मौर्य ने बताया कि संजय मौर्य की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उनका दो वर्ष का एक बेटा भी है। बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके चलते उसकी पत्नी करीब दो वर्ष पूर्व बच्चे के साथ मायके चली गई थी। मृतक का पड़ोसियों से जमीन के बंटवारे को लेकर भी विवाद चल रहा था। इन सभी कारणों से वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहते थे। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।