बरदह। गौराबादशाहपुर की सीमा से 50 मीटर दूर जिवली बाजार स्थित यूबीआई बैंक के निकट जौनपुर-आजमगढ़ सड़क मार्ग पर शनिवार की सुबह खून से लथपथ एक युवक का शव मिला। शव के करीब गुलाब के फूल की पंखुड़िया बिखरी थीं। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव की पहचान ग्राम सेनुरी थाना सरायमीर निवासी नीतीश यादव (24) के रूप में हुई।मृतक नीला जींस, काला शर्ट, काला हाफ जैकेट पहना था। चेहरे पर चोट के निशान थे। दाहिना पैर टूटा था। आशंका व्यक्त की गई कि अज्ञात लोगों ने युवक की हत्या कर शव को छोड़ दिया। शव के कुछ दूरी पर एक जोड़ी चप्पल मिली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक शव की शिनाख्त कराई पर कोई उसे पहचान नहीं सका। दोपहर बाद उसकी पहचान ग्राम सेनुरी थाना सरायमीर निवासी नीतीश यादव के रूप में हुई। मृतक ठेकमा स्थित एक टेंट हाउस में कर्मचारी था। घर बहुत कम जाता था। वह अक्सर टेंट हाउस पर ही रहता था। स्थानीय क्षेत्र में ही काम कर नीतीश शुक्रवार की सुबह ठेकमा से ग्राम कुरेथू थाना गौरा बादशाहपुर जौनपुर निवासी मौसी मीना देवी के घर के लिए निकला था। मृतक के छोटे भाई नितिन यादव ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई है। ग्रामीणों की मानें तो शव को प्रथम दृष्टया देखने पर हत्या का मामला प्रतीत होता है। शव के पास गुलाब के फूल की पंखुड़िया भी बिखरी हुई थीं। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आशंका है कि रात में युवक लौट रहा था और किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। इससे उसकी मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का असल कारण पता चलेगा।