ठेकमा। बरदह थाना के सरावां स्कूल के पास मंगलवार की शाम नील गाय से टकरा कर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बरदह थाना के कुंभ गांव निवासी 25 वर्षीय विपिन पुत्र तहसीलदार हैदराबाद में रह कर प्राइवेट नौकरी करता था। एक सप्ताह पूर्व दादा अवधेश का निधन होने पर घर आया था। मंगलवार को वह तेरही का कार्ड बांटने के लिए निकला था। सरावां स्कूल के पास नीलगाय से उसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में वह गंभीररुप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।