अहरौला। थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव निवासी सुधीर (27) पुत्र हरिश्चंद्र यादव बुधवार को टीईटी की परीक्षा देने जौनपुर गया था। देर शाम सुधीर परीक्षा देकर लौट रहा था कि अहरौला थाना के फुलवरिया बाजार से लगे अंबेडकरनगर की सीमा के जैतपुर थाना के रामगढ बाग के पास सिक्सलेन के निर्माण में लगे डंपर ने सुधीर को बुरी तरह रौंद दिया। मौके पर ही सुधीर की मौत हो गई। मौत की सूचना पर आसपास के सैकड़ों लोग पहुंच गए। सिक्स लेन के प्लांट को घेर लिया। अंबेडकरनगर पुलिस पर ईंट-पत्थर भी चलाए गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। बाद में भारी मात्रा में पहुंची फोर्स ने मामले को संभाला। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई की मौत पिछले साल बिजली गिरने से हुई थी। वहीं, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर नरायणपुर नेवादा गांव के पास बाइक को पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को सीएचसी लालगंज ले जाया गया है। यहां अभिषेक यादव(18) पुत्र प्रह्लाद यादव निवासी कैथी शंकरपुर लालगंज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अनिल यादव (25) पुत्र कमला यादव निवासी निहुला चकिया मेहनाजपुर गंभीर रूप से घायल है।