बरदह। थाना क्षेत्र के दूबरा बाजार में किरायेदारों ने पूरे परिवार को नशीला लड्डू खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद जेवर, नकदी समेत सामान चोरी कर भाग गए।
पीड़िता उर्मिला देवी ने बरदह थाने में तहरीर देकर बताया है कि दो दिन पहले कुछ लोग उनके घर एक कमरा किराये पर लेने पहुंचे थे। बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई और वे किरायेदार के रूप में रहने लगे। बुधवार को उन किरायेदारों ने पूजा-पाठ का आयोजन किया और प्रसाद के रूप में लड्डू पूरे परिवार को खिलाया। लड्डू खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के सभी सदस्य अचेत हो गए। आशंका है कि प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। इसके बाद आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर को खंगाल डाला और जेवरात व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। होश आने पर जब परिवार ने घर की स्थिति देखी तो उनके होश उड़ गए। थाना प्रभारी बरदह राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।