आजमगढ़। मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के पुष्पनगर में स्थित नवनिर्मित पंचायत भवन में बुधवार को तहसीलदार हेमंत कुमार बिंद ने पहुंच कर जनता की समस्याएं सुनी। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। जहां गंदगी मिलने और कर्मचारियों के अनुपस्थित मिलने पर फटकार लगाई।
सुनवाई के दौरान गाटा संख्या 822 पर करीब सात वर्ष से चल रहे मुकदमे की 4 फाइलों पर सुनवाई करते हुए तहसीलदार हेमंत कुमार विंद ने सभी पक्षों को सुना व अगली तारीख पर निस्तारण का निर्देश दिया। जनसुनवाई की प्रथम महत्वपूर्ण बैठक में ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी अनुपस्थित रहे। ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पनगर का निरीक्षण किया। जहां अस्पताल परिसर में गंदगी का अंबार दिखा। फार्मासिस्ट व अन्य कर्मचारी गायब रहे और मौके पर कुर्सी मेज व अन्य सम्बंधित वस्तुएं टूटी फूटी मिली। पूरे अस्पताल की हालत देख तहसीलदार हेमंत कुमार ने उपस्थित डा. शकील को फटकार लगाई और कहा कि अस्पताल की व्यवस्था जल्द नहीं सुधरी तो सस्पेंड कर दिए जाओगे। इस मौके पर लेखपाल संघ के जिला उपाध्यक्ष गोरखनाथ यादव, वरुण यादव, देवानंद यादव, प्रवीण यादव, पंचायत सहायक नीलांजली, चौधरी गौतम, बबलू राजभर आदि उपस्थित थे।