मुबारकपुर थाना अंतर्गत सठियांव बाजार में बुधवार की सुबह साढ़े दस बजे एक किशोर स्कूटी से सड़क पर गिर गया तभी पीछे से आ रही पिकअप ने उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी गंभीररूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। घटना के समय वह अपने एक दोस्त के साथ घूमने के लिए निकला था।
सुराई गांव निवासी अमन 13 पुत्र प्रेमचंद बुधवार को अपने दोस्त दीपांशु (14) के साथ स्कूटी से घूमने के लिए निकला था। अभी वह सठियांव कस्बा स्थित समता इंटर काॅलेज के पास पहुंचा था कि बरसात के चलते सड़क पर हुए किचड़ में स्कूटी फिसल कर गिर गई। जिससे अमन व उसका दोस्त दीपांशु सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने अमन को कुचल दिया। उसके सिर पर से ही पिकअप गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में साथ मौजूद दोस्त दीपांशु को भी गंभीर चोट आयी है। उसे जिला मुख्यालय स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया। घटना की सूचना घर पहुंचते ही मृत अमन के परिजनों में कोहराम मच गया। अमन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था।