रानी की सराय। थाना क्षेत्र के घाटीपट्टी गांव निवासी एक किशोर शनिवार को घर के दूसरे मंजिल पर छत के चुल्ले से डाले गए झुले पर झूल रहा था। देर शाम परिजनों ने उसे झूले वाले कमरे में ही मृत हाल में पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
घाटीपट्टी गांव निवासी मंगल यादव (12) पुत्र रमेश यादव शनिवार की शाम घर के दूसरी मंजिल पर छत के चुल्ले से डाले गए रस्सी के झुले पर झूल रहा था। परिवार के लोग घर के निचले हिस्से में मौजूद थे। रात लगभग साढ़े सात-आठ के बीच परिजन जब झुला डाले गए रूम में पहुंचे तो वहां मंगल मृत हाल में पड़ा था। किशोर का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार शव जमीन पर पड़ा हुआ था। वहीं गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दिया कि शव झूले में फंदे पर लटका हुआ है। परिजन आनन-फानन में शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची रानी की सराय थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तो वहीं परिवार के ही एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृत बालक कक्षा चार का छात्र था और दो बहनों का इकलौता भाई था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। रानी की सराय के एसएचओ नंद कुमार तिवारी ने बताया कि बालक की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। शक के आधार पर परिवार के एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।